पुन्हाना। चांदनकी गांव के पास सोमवार शाम हुए एक सड़क हादसे में पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारी की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुनहाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडी खेड़ा स्थित अल-आफिया अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान समीम (42) पुत्र जोहरखान निवासी जहटाना गांव के रूप में हुई है। समीम पीडब्ल्यूडी विभाग में कर्मचारी था और सोमवार शाम करीब चार बजे अपनी बाइक से घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब समीम चांदनकी गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि समीम बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद राहगीरों ने समीम को तुरंत पुनहाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।