जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजी सड़कें, भक्तों में दिखी जगन्नाथ सुभद्रा और बलभद्र के रथ खींचने की होड़
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भगवान जगन्नाथ भक्तों को दर्शन देने के लिए मंदिर से निकल कर सड़क पर पहुंचे। रथ पर सवार भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भैया बलभद्र के दर्शन के लिए लोग सड़क पर उमड़ गए। रथ खींचने वाले श्रद्धा और उत्साह में डूबे थे। बृहस्पतिवार को शहर की सड़कों पर जय जगन्नाथ और हरि बोल के जय घोष गूंजते रहे। गुरुग्राम में रथ यात्रा स्थलों पर जगन्नाथपुरी जैसा नजारा दिखा।
सेक्टर-15 पार्ट टू स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में सुबह से पूजन का कार्यक्रम चल रहा था। भगवान के भोग का भंडारा लगाया गया। मंदिर के बाहर ओडिशा के व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। रथ यात्रा से पहले भगवान के रास्ते पर झाड़ू लगाने के लिए दिल्ली से आयकर आयुक्त प्रफुल्ल कुमार पुष्टि पहुंचे। पुरी की जगन्नाथ यात्रा में राजा द्वारा झाड़ू लगाने की परिपाटी रही है। मंदिर के अध्यक्ष आलेख मलिक, महासचिव प्रभाकर शामल, पुष्पकांत शामल, रमेश प्रधान गगन बेहरा आदि ने रथ यात्रा का प्रबंधन किया। रथ यात्रा सेक्टर-15 पार्ट-2 से झाड़सा रोड होते हुए दोबारा मंदिर पहुंची, जहां शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सेक्टर-10 सामुदायिक भवन से जगन्नाथ सेवा समिति की ओर से रथ यात्रा निकाली गई। इसमें काफी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लिया। खांडसा मंडी, चार आठ मरला होते हुए यह रथ यात्रा सामुदायिक भवन पहुंची। रास्ते में भक्तों को भगवान जगन्नाथ प्रसाद मिला। भक्तों के रथ खींचने की होड़ रही। रथ यात्रा कमेटी के प्रवक्ता राजीव मित्तल ने बताया कि भगवान को छप्पन भोग क्रेन से लगाया गया। पूरे रास्ते बैंडबाजे के साथ हरे कृष्ण हरे कृष्ण हरे कृष्ण हरे-हरे के भजनों से गायकों ने माहौल में आध्यात्म भर दिया। हरिबोल के जय घोष गूंजते रहे।
सेक्टर-43 पावरग्रिड की ओर से रथ यात्रा से पहले विधि विधान से भगवान का पूजन किया गया। काफी संख्या में पावरग्रिड समेत आस-पास की सोसाइटियों के लोग इस रथ यात्रा में शामिल हुए। सुशांत लोक की विभिन्न सड़कों से रथ यात्रा गुजरी। कार्यक्रम में एनएस सोढा़, आरएन नायक, सुरेश अग्रवाल, एमके सिंह, मनोज अग्रवाल और अरूण गौतम ने मुख्य भूमिका निभाई। सुशांत लोक स्थित साई का आंगन मंदिर में धूमधाम से श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली गई। काफी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। सेक्टर-17 स्थित इस्कॉन सेंटर और एमजी रोड स्थित एस्सेल टावर सोसाइटी में धूमधाम से श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली गई। इस्काॅन के अमानी अवतार दास और सोसाइटी के लोगों ने इस कार्यक्रम में उत्साह से हिस्सा लिया।