फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग, चेतावनी संकेतक लगेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सीनियर सेकेंडरी स्कूल बसई के आसपास सेफ स्कूल जोन बनाया जा रहा है। इसके तहत छात्रों के लिए फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग, चेतावनी संकेतक (साइन बोर्ड) और अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
जिला प्रशासन स्कूली बच्चों के घर से स्कूल तक सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसे लेकर हर माह होने वाली सड़क सुरक्षा कमेटी में इस पर समीक्षा होती है। इसके लिए जिले के 11 स्कूलों का चयन किया गया है। प्रशासन का मानना है कि बड़ी संख्या में बच्चे पैदल या साइकिल से स्कूल आते हैं। ऐसे में हाईवे या प्रमुख सड़कों पर स्थित स्कूलों के आसपास सेफ स्कूल जोन विकसित करना जरूरी है। सेफ स्कूल जोन वह क्षेत्र होता है, जहां छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल के आसपास विशेष व्यवस्थाएं की जाती हैं। इसके तहत पैदल चलने के लिए सुरक्षित मार्ग बनाए जाते हैं। इसके अलावा वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर, टेबल-टॉप ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग, साइनेज और अन्य ट्रैफिक कंट्रोल उपाय किए जाते हैं।
इस योजना के तहत फिलहाल राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बादशाहपुर और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल कादीपुर में सेफ स्कूल जोन का कार्य पूरा हो चुका है। अब बसई सहित अन्य चयनित स्कूलों में यह कार्य किया जाएगा। जीएमडीए, एनएचएआई और नगर निगम की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि सेफ स्कूल जोन न केवल बच्चों की सुरक्षा बढ़ाएगा, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ाएगा। कादीपुर में यह कार्य किया जा चुका है। बसई स्कूल के आसपास सुरक्षित जोन बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
सेफ जोन वाले स्कूल
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल धुनेला, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुढ़ेरा, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल कादीपुर (कार्य पूरा), राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बादशाहपुर (कार्य पूरा), राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बसई, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल हरसरू, राजकीय प्राथमिक विद्यालय सुखराली, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोंडसी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भीमनगर, एमिटी इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-46 तथा श्रीराम स्कूल अरावली।