नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त आयुक्त अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण के लिए पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया के निर्देश पर शुक्रवार को नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त आयुक्त अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण के लिए पहुंचे। अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था, कचरा उठान, गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) की स्थिति, मानसून तैयारियों, मैनपावर एवं मशीनरी की उपलब्धता के साथ ही पंपिंग व्यवस्था और जलभराव संभावित स्थानों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित टीमों को फील्ड में लगातार सक्रिय रहने तथा सफाई और मानसून प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी ने राजीव चौक से हीरो होंडा चौक तक राष्ट्रीय राजमार्ग, सर्विस लेन एवं ड्रेन का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम द्वारा किए जा रहे सफाई कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में किसी भी स्थान पर कूड़ा जमा नहीं होना चाहिए। उन्होंने सफाई टीमों को नियमित रूप से क्षेत्र की निगरानी करने और कचरा मिलने पर तत्काल उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रेनेज व्यवस्था का भी जायजा लिया।
अतिरिक्त निगमायुक्त कुशल कटारिया ने वार्ड-34 के राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में गोल चक्कर, विश्वकर्मा मंदिर गली, एकता वाली गली सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव संभावित स्थानों की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था तथा उपलब्ध संसाधनों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान टीमें पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी स्थान पर जलभराव की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव ने डुंडाहेड़ा स्थित बैंक गली, सुनारों वाली गली, सरहौल, सेक्टर-18, अंबेडकर भवन, सिकंदरपुर और नाथूपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था के साथ-साथ मानसून तैयारियों और जलभराव से निपटने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को मैनपावर, पंप और अन्य आवश्यक मशीनरी को पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत तैनात किया जा सके। संयुक्त उपायुक्त ने मौके पर ही गंदगी फैलाने वालों का चालान काटा।