गुरुग्राम। नगर निगम के जोन-1 क्षेत्र की टीम ने बुधवार को कादीपुर औद्योगिक क्षेत्र में संपत्ति कर बकायेदार की संपत्ति को सील कर दिया। इस पर करीब 20,34,592 रुपये की राशि बकाया है, जो बार-बार नोटिस और सूचना देने के बावजूद संपत्ति मालिक अनिल डागर की ओर से जमा नहीं कराई गई।
टीम ने मौके पर अन्य बकायेदारों की संपत्ति सील करने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने दो-तीन दिन में भुगतान करने की मोहलत मांगी। इस कारण अन्य संपत्तियों की सीलिंग फिलहाल स्थगित कर दी गई। इस दौरान कर निरीक्षक पंकज सलूजा समेत टीम के सदस्यों ने बकायेदारों को चेतावनी दी कि वह जल्द से जल्द अपना संपत्ति कर जमा कराएं अन्यथा सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कार्रवाई पर कहा कि संपत्ति कर का समय पर भुगतान आवश्यक है। बकाया राशि जमा न करने वाल बकायेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। ब्यूरो