आर्मी का फर्जी अधिकारी बनकर सोशल मीडिया के माध्यम से 100 लोगों के साथ की ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सोशल मीडिया पर खुद को आर्मी का अधिकारी बताकर पुराने वाहन बेचने के नाम पर 100 से ज्यादा लोगों के साथ ठगी करने वाले शातिर ठग को पुलिस ने सेक्टर-14 से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पलवल के लखनाका गांव निवासी मुबाहिद के रूप में हुई है। आरोपी फिलहाल सेक्टर-13 में किराये पर रहता है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल भी बरामद किए हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध प्रियांशु दीवान ने बताया कि टीम ने बुधवार को पुलिस तकनीकी का इस्तेमाल करते हुए सेक्टर-14 से आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी से पता चला है कि उसने इंस्टा पर अलग-अलग नाम से आईडी बनाई हुई है। उन आईडी पर वह विज्ञापन डालता है। आरोपी ने बताया कि जब कोई व्यक्ति इंस्टाग्राम पर मोटरसाइकिल या गाड़ी बेचने के लिए पोस्ट डालता था तो वह उसके कमेंट में अपनी मोटरसाइकिल और गाड़ी बेचने का मैसेज डाल देता था।
इसके बाद वह दूसरों की मोटरसाइकिल और गाड़ी को अपनी बताकर बेचने की बात कहता था। लोगों को झांसा देने के लिए वह अपने आप को आर्मी का अधिकारी बताकर बात करता था। लोगों से कहता था कि उसकी पोस्टिंग दूसरी जगह पर हो गई है। ऐसे में उसे अपना वाहन तुरंत बेचना है। इसके बाद वह वाहन की डिलीवरी कराने की बात कहकर लोगों रुपये ट्रांसफर कराकर ठगी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने तीन वारदातों का खुलासा किया है। आरोपी को अदालत में पेश करके रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।