आईटी और कॉर्पोरेट कंपनियों के लिए आधुनिक सुविधाएं देने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मानेसर में आईटी कंपनियों को बढ़ावा देने के लिए एक बार फिर बड़ी तैयारी की जा रही है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने करीब 90 एकड़ जमीन पर नया साइबर पार्क विकसित करने की योजना बनाई है। इसमें आईटी और कॉर्पोरेट कंपनियों के लिए आधुनिक सुविधाएं देने की तैयारी है।
मानेसर में पहले भी आईटी कंपनियों को लाने की कोशिश की जा चुकी है। सेक्टर-8 में करीब 140 एकड़ जमीन पर आईटी पार्क विकसित किया गया था। स्थानीय उद्यमियों के अनुसार, कई साल बीतने के बाद भी इस पार्क में उम्मीद के मुताबिक कंपनियां नहीं पहुंच पाईं। आज भी यहां बड़ी संख्या में जगह खाली पड़ी है। उद्यमियों का कहना है कि मानेसर तक पहुंचना आईटी कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ी परेशानी है। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जाम और खेड़की दौला टोल प्लाजा के कारण कर्मचारियों को आने-जाने में काफी समय लगता है। इसी वजह से आईटी और बीपीओ क्षेत्र में काम करने वाले कई कर्मचारी मानेसर के बजाय नोएडा और अन्य स्थानों को प्राथमिकता देते हैं।
अब नए साइबर पार्क की योजना से इस स्थिति को बदलने की कोशिश की जा रही है। प्रस्तावित पार्क में कंपनियों के लिए आधुनिक ऑफिस, कॉन्फ्रेंस सेंटर, पार्किंग, कैफे और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं होंगी। स्टार्टअप और फ्रीलांसर्स के लिए साझा कार्यस्थल भी बनाए जाएंगे। हालांकि, नए साइबर पार्क की सफलता के लिए बेहतर कनेक्टिविटी सबसे अहम होगी। स्थानीय उद्यमियों का कहना है कि यदि आने-जाने की समस्या दूर नहीं हुई तो नई योजना के सामने भी पुरानी चुनौती बनी रह सकती है।
एचएसआईआईडीसी के निदेशक सुशील सारवन ने बताया कि 90 एकड़ जमीन पर नया साइबर पार्क विकसित करने की योजना बनाई है। इसमें आईटी और कॉर्पोरेट कंपनियों के लिए आधुनिक सुविधाएं देने की तैयारी है। कंपनियों के लिए आधुनिक ऑफिस, कॉन्फ्रेंस सेंटर, पार्किंग, कैफे और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं होंगी।