गुरुग्राम। पुरानी रंजिश में गोली मारकर हत्या का प्रयास करने वाले पांच हजार के इनामी बदमाश को अपराध शाखा सोहना के गांव खूटपुरी मोड़ से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान गांव सिलानी निवासी संजीव उर्फ प्रशांत उर्फ संजू के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देसी पिस्तौल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या के प्रयास समेत हवाई फायरिंग करके दहशत फैलाने के दो अन्य मामलों का खुलासा किया है। आरोपी ने बताया कि 8 नवंबर 2020 को उसने सोहना के गांव सिलानी में सरकारी स्कूल के पास दिनेश कुमार से झगड़ा कर गाली गलौच किया। इसके साथ ही उस पर गोलियां भी चलाई थीं। इस घटना में दिनेश बच गया था। सोहना शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच अपराध शाखा सोहना को सौंप दी थी।
पुलिस ने उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। उसने बताया कि साल 2019 में उसने सोहना में ही अपने साथियों के साथ हवाई फायर किया था। हथीन पलवल में साल 2020 में उसने एक व्यक्ति की हत्या का प्रयास किया था। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।