खाते से 12,585 रुपये की ईएमआई कटने के बाद पीड़ित को लोन के बारे में पता चला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाज ने कंपनी कर्मी के बैंक खाते में मोबाइल नंबर बदलवाकर 4,74,861 रुपये का लोन ले लिया। पीड़ित को इसके बारे में तब चला जब लोन की ईएमआई के रूप में उसके बैंक खाते से 12,585 रुपये कट गए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना मानेसर में प्राथमिकी दर्ज की।
महेंद्रगढ़ के पाली गांव निवासी दिनेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मानेसर क्षेत्र में रहता है और नीमराना स्थित एक कंपनी में काम करता है। 6 दिसंबर को उसके एक्सिस बैंक के अकाउंट से 12,585 रुपये कट गए। रुपये कटने के बारे में जानकारी लेने के लिए वह सुशांतलोक स्थित बैंक की शाखा में पहुंचा। शाखा से पता चला कि किसी ने उसके बैंक खाते से मोबाइल नंबर बदलवाकर 9 नवंबर को 4,74,861 रुपये का लोन ले लिया। उसके बैंक खाते से 12,585 रुपये की राशि कटी है, वह लोन की पहली ईएमआई थी।
पीड़ित ने अपने साथ हुई ठगी के बारे में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित दिनेश कुमार ने पुलिस से गुहार लगाई है कि बैंक खाते से लोन लेने वाले जालसाज और बिना सत्यापन किए बैंक खाते में मोबाइल नंबर बदलने वाले बैंक कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।