पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। खंड के खेड़ला गांव में निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर छत डालने के दौरान पत्थर की टुकड़ी टूटने पर मजदूर की गिरने से मौत हो गई है। मृतक के भाई ने मकान मालिक पर निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सोमवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान खेड़ला गांव निवासी धीरज (45) के रूप में हुई है।
वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। वर्तमान में वह गांव के ही पहलाद के निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी कर रहा था। 25 जून को धीरज दूसरी मंजिल पर पत्थर की टुकड़ियों की छत डाल रहा था। तभी अचानक ही टुकड़ी टूट गई और वह दूसरी मंजिल से नीचे जमीन पर आ गिरा और उसको गम्भीर चोटें पहुंची थीं। घायल धीरज को सोहना के अलावा नूहं के नलहड़ मेडिकल कॉलेज तथा बाद में फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार दिन उपचाराधीन रहने के बाद उसकी मौत हो गई। काफी विवाद करने के बाद पुलिस ने मृतक धीरज का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक धीरज के भाई बीरसिंह ने आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी कि पहलाद ने हादसे की जानकारी करीब तीन घंटे बाद दी थी। जानकारी देने के बाद भी पहलाद व उसका कोई भी परिजन उसके भाई धीरज (मृतक) का हालचाल जानने के लिए अस्पताल नहीं पहुंचा।