सुलभ शौचालय का शुभारंभ करते एसडीएम।
-निर्माण में आएगी 12.50 लाख रुपये की लागत, उपमंडल अधिकारी ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। शहर के अंबेडकर चौक स्थित अलवर-गुरुग्राम मार्ग पर लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। नगर पालिका की ओर से यहां लगभग 12.50 लाख रुपये की लागत से हाईटेक सुलभ शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। बुधवार को उपमंडल अधिकारी (नागरिक) की मौजूदगी में नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि अंबेडकर चौक शहर का व्यस्त क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में हाईटेक सुलभ शौचालय बनने से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर स्वयं निरीक्षण किया जाएगा। नगर पालिका सचिव राजेश मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत यह हाईटेक शौचालय बनाया जा रहा है। इसमें एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग एसडीएम फिरोजपुर झिरका द्वारा की जाएगी। सचिव ने कहा कि ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नही की जाएगी। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मनीष जैन, नगर पार्षद, कनिष्ठ अभियंता संजय कुमार, सफाई दरोगा सजय, मुकेश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।