प्रस्तावित बस अड्डे के तीन डिजाइन भेजे मुख्यमंत्री कार्यालय, अनुमति मिलने के बाद शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आईएसबीटी की तर्ज पर सेक्टर-36ए में बनने वाले आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस अड्डा के तीन डिजाइन मुख्यमंत्री कार्यालय में भेजे गए। प्रदेश सरकार से एक डिजाइन को अनुमति मिलने के बाद बस अड्डा के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मोड (पीपीपी) पर बनने वाले नए अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) की इमारत की छत पर हेलीपैड बनाया जाएगा। हरियाणा परिवहन विभाग और हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के मुख्यालय द्वारा नए बस अड्डा को लेकर कार्य किए जा रहे हैं।
15 एकड़ जमीन में बनने वाले नए बस अड्डा की इमारत के डिजाइनों को यात्रियों के ठहरने के लिए कमरें, रेस्तरां, केफेटेरिया, फूड कोर्ट, वेटिंग हॉल, ऑफिस कॉम्पलेक्स सहित अन्य सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। बस अड्डा के डिजाइन ड्राफ्ट में टर्मिनस ब्लॉक और बसों की मरम्मत के लिए वर्कशॉप भी बनाई जाएगी। नए बस अड्डा पर दूसरे प्रदेशों में आने-जाने वाली बसों के ठहराव की व्यवस्था होगी।
हाईवे और एक्सप्रेसवे से कनेक्ट रहेगा बस अड्डा
सेक्टर-36ए में बनने वाला नया बस अड्डा दिल्ली-जयपुर हाईवे, द्वारका एक्सप्रेसवे, एसपीआर रोड से कनेक्ट रहेगा। सेंट्रल पेरिफेरल रोड (सीपीआर) द्वारका एक्सप्रेसवे को साउदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) से जोड़ता है। ऐसे में राजस्थान, उत्तर प्रदेश, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ से दिल्ली तक आवागमन करने वाली बसें सेक्टर-36ए में बनने वाले नए बस अड्डा से होकर गुजरेंगी। इससे यात्रियों को एक ही स्थान पर अपने गंतव्य की ओर जाने वाली बसें मिल सकेंगी।
अभी तक नहीं हुआ जमीन का सीमांकन
आईएसबीटी की तर्ज पर बनने वाले बस अड्डा की जमीन के सीमांकन (डिमार्केशन) की प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। दिसंबर 2024 में गुरुग्राम बस डिपो प्रबंधन की एक टीम, पटवारी, गिरदावर द्वारा बस अड्डा की जमीन के सीमांकन (डिमार्केशन) के लिए 15 एकड़ जमीन पर निशान लगाए थे। संबंधित 15 एकड़ जमीन की फिजिबिलिटी मापी गई थी। एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों के अनुसार, अभी तक 143 एकड़ जमीन में से 15 एकड़ जमीन का सीमांकन नहीं हुआ है। ऐसे में अभी तक तय नहीं हो पाया है कि बस अड्डा सेक्टर-36ए में किस स्थान पर बनाया जाएगा।
नए बस अड्डा के लिए एचएसआईआईडीसी की ओर से तीन डिजाइन तैयार करके मुख्यमंत्री कार्यालय भेजे गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से एक डिजाइन को अनुमति देनी हैं, जिसके बाद हरियाणा परिवहन विभाग के मुख्यालय से आगामी औपचारिकताएं व प्रक्रिया शुरू होंगी।
- गायत्री अहलावत, महाप्रबंधक, गुरुग्राम बस डिपो