गुरुग्राम। मेट्रो कॉरिडोर में आ रहे सुभाष चौक से बख्तावर चौक तक सड़क के दोनों तरफ ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। इसके लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से टेंडर जारी किया गया है। इस कार्य पर करीब 2.83 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर नौ तक काम चल रहा है। इसमें मिलेनियम सिटी सेंटर से सुभाष चौक तक नेताजी सुभाष रोड पर तेजी से कार्य चल रहा है। इसी रोड पर बख्तावर चौक से सुभाष चौक पर ग्रीन बेल्ट को जीएमडीए बेहतर करने जा रहा है। जीएमडीए के अनुसार ग्रीन बेल्ट के विकास और इससे जुड़े अन्य कार्यों को चार माह में पूरा किया जाएगा। इसके बाद विकसित ग्रीन बेल्ट का 12 माह तक रखरखाव भी किया जाएगा। कार्य में सड़क के दोनों तरफ हरित क्षेत्र के विकास के साथ उससे संबंधित अन्य जरूरी कार्य शामिल हैं। योजना के अनुसार दोनों तरफ विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जाएगे। इससे मेट्रो की ग्रीन बेल्ट में हरियाली रहेगी और प्रदूषण से भी राहत मिलेगी। ब्यूरो