झगड़े में एक पुलिसकर्मी, इंजीनियर और लाॅ के दो छात्र घायल
जाति सूचक शब्द कहने पर हुआ था झगड़ा, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। कस्बे के बस अड्डे पर दो गुटों के बीच हुए झगड़े में जमकर लाठी व डंडे चले। झगड़े में पुलिसकर्मी, इंजीनियर के अलावा लॉ के दो छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। जांच में सामने आया कि यह झगड़ा जाति सूचक शब्द कहने पर हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शनिवार की सुबह कस्बे के सामान्य बस स्टैंड पर खड़े तीन चार युवकों में पहले कहासुनी व हाथापाई होने के बाद दोनों पक्षों के युवकों ने फोन करके अपने अपने साथियों को बुला लिया। इनमें एक पक्ष के युवक पहले से ही तैयार खड़े थे। उसके बाद 10 बाइकों पर करीब 20 युवक सवार होकर आए और बस अड्डे पर पहुंचते ही दूसरे पक्ष के युवकों पर लाठी व डंडों से हमला बोल दिया। झगड़े में एक पुलिसकर्मी, पुलिसकर्मी का इंजीनियर भाई और लॉ के दो छात्र घायल हो गए हैं। इस झगड़े में तीन युवकों के सिर में गहरी चोटें आई हैं, जबकि लॉ के एक छात्र का दाहिना पैर तीन जगहों से टूट गया है। सभी हमलावर मारपीट करने के बाद अपनी बाइकों पर सवार होकर भाग गए।
झगड़े में ये हुए घायल
बस अड्डे पर दो गुटों के बीच हुए झगड़े में सोहना के मोहम्मदपुर गुर्जर के वार्ड-1 निवासी जुबेर व आबिद और नूंह के माहौन गांव निवासी मुस्तफा व मोहम्मद यूसुफ घायल हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि जुबेर हरियाणा पुलिस का सिपाही है और वर्तमान में नूंह पुलिस लाइन में तैनात है। जुबेर का छोटा भाई आबिद दिल्ली में साॅफ्टवेयर इंजीनियर है। वहीं, मुस्तफा व मोहम्मद यूसुफ जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी में लॉ के छात्र हैं।
जाति सूचक शब्दों का किया था विरोध
जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी में लॉ फाइनल ईयर के छात्र मुस्तफा ने बताया कि जब बस अड्डे पर पहुंचने पर बस से नीचे उतर रहे थे तो एक युवक ने उनसे जाति सूचक शब्द कहकर उतरने को कहा। इस पर आबिद ने विरोध जताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और हाथापाई होने लगी। ऐसे में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को फोन करके बुला लिया था। उन युवकों ने आते ही लाठी-डंडों से हमला बोल दिया था।
शहर थाने के निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि नागरिक अस्पताल से एमएलसी आ गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मामले में सोहार्द बरतने की अपील की जा रही है ताकि युवाओं में विवाद न बढ़े। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।