सेक्टर-5 मेट्रो स्टेशन से गुड़गांव स्टेशन को जोड़ने के लिए रिपोर्ट तैयार होगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के तहत बख्तावर चौक, कृष्णा चौक (बजघेड़ा चौक) और ओल्ड दिल्ली रोड पर डबल डेकर कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। वहीं, सेक्टर-5 मेट्रो स्टेशन से गुड़गांव रेलवे स्टेशन को जोड़ने के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी।
नई दिल्ली में बुधवार को गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के निदेशक मंडल की बैठक चेयरपर्सन डी. थारा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मेट्रो परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने चेयरपर्सन को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। बैठक के दौरान अधिकारियों ने बख्तावर चौक, कृष्णा चौक और ओल्ड दिल्ली रोड पर डबल डेकर कॉरिडोर विकसित की जानकारी दी। जीएमआरएल के अनुसार इन तीनों स्थानों पर डबल डेकर मॉडल के अनुसार निर्माण कार्य की योजना पर आगे बढ़ेगा।
बैठक में गुड़गांव रेलवे स्टेशन को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा हुई। रेलवे स्टेशन तक कनेक्टिविटी में आ रही तकनीकी और संरचनात्मक चुनौतियों का समाधान तलाशने के लिए फिजिबिलिटी स्टडी कराने पर सहमति बनी। इसके आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बता दें कि पहले चरण में बख्तावर चौक पर डबल डेकर कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें निचले स्तर पर वाहनों की आवाजाही होगी, जबकि ऊपरी स्तर पर मेट्रो का संचालन किया जाएगा। मेट्रो निर्माण के दूसरे चरण में कृष्णा चौक (बजघेड़ा चौक) पर पहले अंडरपास बनाने की योजना थी, लेकिन भूमि की कमी को देखते हुए अब यहां भी डबल डेकर कॉरिडोर विकसित करने की तैयारी है। वहीं, मेट्रो की प्रारंभिक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में ओल्ड दिल्ली रोड को एलिवेटेड कॉरिडोर करने का प्रावधान नहीं था। अब गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) इसे एलिवेटेड निर्माण की योजना पर काम कर रहा है। प्रस्तावित मेट्रो लाइन ओल्ड दिल्ली रोड को पार करते हुए उद्योग विहार के रास्ते साइबर सिटी तक जाएगी। इसी कारण इस हिस्से में भी डबल डेकर कॉरिडोर विकसित करने की तैयारी की जा रही है। वर्तमान में गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण कार्य जारी है।