- फाजिलपुर मोड़ पर वारदात, दो नाबालिग आरोपी काबू, मृतक की पहचान नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। क्षेत्र के फाजिलपुर मोड़ पर शराब के नशे में गाली देने से शुरू हुआ विवाद एक युवक की हत्या में बदल गया। आरोप है कि दो नाबालिगों ने पत्थर और ईंट से हमला कर युवक की जान ले ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है और मामले में हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फाजिलपुर मोड़ पर एक व्यक्ति के शव की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम से जांच करवाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
रात में ड्यूटी कर रहे चौकीदार ने बताया कि 25/26 अप्रैल की रात करीब डेढ़ बजे उसने एक व्यक्ति को दुकान के पास नशे की हालत में पड़ा देखा था। आवाज देने पर भी वह नहीं उठा। जब वह सुबह करीब 3:30 बजे दोबारा वहां पहुंचा तो व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर से खून बह रहा था और पास में खून से सना पत्थर व टाइल मिली। जांच में सामने आया कि दोनों नाबालिग आरोपी सिगरेट लेने आए थे। इसी दौरान नशे में मौजूद व्यक्ति ने उन्हें गाली दी, जिससे विवाद हो गया। गुस्से में आकर आरोपियों ने पत्थर और ईंट से हमला कर युवक की हत्या कर दी।थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।