प्रारंभिक जांच में सीएनजी लीक होने से टैंपो में आग लगने की बात आई सामने
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सिग्नेचर टावर चौक के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर मंगलवार की दोपहर चलते सीएनजी टैंपो (छोटा हाथी) में आग लग गई। हाईवे पर चल रही अन्य गाड़ियों के चालकों ने सीएनजी टैंपो चालक को वाहन में आग लगने के बारे में बताया। चालक ने जब तक टैंपो को किनारे लगाकर रोका, तब तक वह नीचे से आग पकड़ चुका था और देखते ही देखते टैंपो पूरी तरह से जल गया।
मंगलवार की दोपहर करीब 12.30 बजे सीएनजी टैंपो में आग लगने की जानकारी मिलते ही गुरुग्राम यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी। पुलिस टीम ने हाईवे पर यातायात को प्रभावित नहीं होने दिया और वाहन चालकों को निर्देश देकर संचालन जारी रखा। हाईवे यातायात निरीक्षक लोकेश ने बताया कि सूचना देने के कुछ देर बाद ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और पानी का छिड़काव करके वाहन में लगी आग को बुझाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह से जल चुका था।
निरीक्षक लोकेश ने बताया कि एनएच-48 पर सीएनजी टैंपो जयपुर से दिल्ली वाली लेन में चल रहा था। प्रारंभिक जांच में सीएनजी लीक होने से टैंपो में आग लगने की बात सामने आई है। इस घटना में चालक सुरक्षित है और वाहन में भी कोई सामान नहीं रखा था। क्रेन की मदद से जले हुए टैंपो को हाईवे से हटाकर नीचे सड़क किनारे खड़ा करवा दिया है।