पटौदी। पटौदी नगर परिषद के वार्ड-10 निवासी एक महिला ने पति पर मारपीट करने और चाकू से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड-10 निवासी समीना बानो ने पटौदी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पति लतीफ शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में अक्सर गाली-गलौज और मारपीट करता है। पीड़िता के अनुसार, रविवार रात करीब 8:45 बजे लतीफ शराब के नशे में घर पहुंचा और पहले झगड़ा किया। इसके बाद उसने चाकू से हमला कर दिया। हमले में चाकू महिला की छाती और हाथ की हथेली पर लगा, जिससे वह घायल हो गई। महिला ने बताया कि शोर सुनकर उसका बेटा, बहन और सास मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। इसके बाद परिजनों ने घायल अवस्था में उसे पटौदी के उपमंडल नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। पटौदी थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद