गुुरुग्राम। शहर के एक बड़े अस्पताल में हेल्थ सॉल्यूशन की कंपनी चलाने वाले युवक दीपक सिंह से एयरलाइंस की पूर्व कर्मचारी फागुन श्रीवास्तव द्वारा व्हॉट्सएप पर धमकी भरा मैसेज भेजकर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पीड़ित ने युवती के खिलाफ सेक्टर-43 चौकी में मामला दर्ज कराया है। पुलिस फागुन की तलाश कर रही है। दीपक ने बताया कि उनकी मुलाकात आरोपी फागुुन से 2016 में हुई थी। एक एयरलाइंस में क्रू-मेंबर के तौर पर काम करने वाली फागुन से उनका न्यूजीलैंड से मरीजों को भारत लाने का कांट्रेक्ट हुआ था। इसके लिए फागुन को उन्होंने साढ़े पांच लाख रुपये एडवांस भी दिए थे। फागुन ने कभी कांट्रेक्ट के लिए काम नहीं किया। इस मामले में जब उन्होंने सेक्टर-56 में मामला दर्ज कराया तो उसने व्हॉट्सएप पर धमकी भरा मैसेज भेजने की चाल चली।
ग्लोबल मेडिकल सॉल्यूशन के नाम से शहर के एक अस्पताल में कंपनी चलाने वाले दीपक सिंह ने बताया कि उनको एक एयरलाइंस की पूर्व कर्मचारी सुशांत लोक की रहने वाली फागुन श्रीवास्तव का व्हॉट्सएप पर मैसेज प्राप्त हुुआ। मैसेज में फागुन ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर झूठे केस में फंसाने व परिवार को तबाह करने की धमकी दी। फागुन ने दीपक को अपना बैंक अकाउंट नंबर देकर रुपये देने का दबाव बनाया। दीपक ने सोमवार को सेक्टर-56 थाने में आकर पुलिस को सारी बात बताई। आरोपी फागुन द्वारा भेजे गए मैसेज को दिखाया। पुलिस का कहना है कि युवती का फोन बंद जा रहा है उसकी तलाश की जा रही है।