गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे के धौला कुआं की निकासी वाली रोड पर सोमवार सुबह एक गाड़ी में आग लगने से करीब दो किलोमीटर तक जाम लग गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक वाहन रेंगते रहे। एयरपोर्ट जाने वाले वाहन चालकों को भी काफी परेशानी हुई। हालांकि गुरुग्राम जाने वाले रास्ते पर जाम नहीं लगा।
सोमवार सुबह करीब आठ बजे द्वारका एक्सप्रेसवे की टनल से धौला कुआं जाने वाली रोड पर एक गाड़ी में आग लग गई थी। गनीमत यह रही कि गाड़ी सवार युवक सुरक्षित रहा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। करीब साढ़े नौ बजे के वाहन वहां से निकलने शुरू हुए। इस दौरान टनल से एयरपोर्ट जाने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। संवाद