सेक्टर-103 में बस डिपो निर्माण के लिए जमीन ट्रांसफर करने की मिली मंजूरी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने सेक्टर-103 में 7.18 एकड़ जमीन गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) को ट्रांसफर करने की मंजूरी प्रदान कर दी है। जीएमडीए को नगर निगम गुरुग्राम को करीब 39.56 करोड़ रुपये देने होंगे। जीएमडीए को बस डिपो निर्माण की योजना सिरे चढ़ाने की तेजी मिलेगी। इससे न्यू गुरुग्राम में बसे सेवा में सुधार होगा और द्वारका दिल्ली से जुड़ाव बेहतर होगा।
गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) की ओर से शहर में गुरुगमन नाम से सिटी बस सेवा का संचालन किया जा रहा है। जीएमसीबीएल की ओर से सेक्टर-10 और सेक्टर-52 बस स्टैंड से विभिन्न रूटों पर 150 बसों का संचालन हो रहा है। बस सेवा के लिए जरूरी सुविधाएं जीएमडीए मुहैया कराता है।
जीएमडीए मानेसर और न्यू गुरुग्राम में सिटी बस सेवा को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। करीब तीन-चार माह में गुरुगमन के बेड़े में 200 नई ई-बसें शामिल होने की उम्मीद है। इसके लिए बस डिपो का होना जरूरी है ताकि बसों के संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न आए। इसके लिए जीएमडीए नगर निगम गुरुग्राम से लंबे समय से जमीन उपलब्ध कराने के लिए कह रहा था। जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा ने कॉर्डिनेशन बैठकों में नगर निगम से जल्द जमीन संबंधी समस्याओं को सुलझाने पर जोर दिया था। हाल में जीएमडीए की बोर्ड बैठक में भी सीएम के सामने भी जमीन का मामला रखा गया था। इस पर 16 मई को हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने जमीन ट्रांसफर करने संबंधी आदेश जारी कर दिया है।
जीएमडीए के मोबिलिटी डिविजन के अनुसार जिले में बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए वर्ष 2031 तक गुरुग्राम में 1025 बसों की आवश्यकता होगी। जीएमडीए के मोबिलिटी विंग के मुख्य महाप्रबंधक कर्नल आरडी सिंघल ने बताया कि सिटी बसों की संख्या में बढ़ोतरी की जानी है। इसी को ध्यान में रखते हुए नए बस डिपो एवं टर्मिनल बनवाने को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं। महाप्रबंधक ने बताया कि सेक्टर-48 में सिटी बस सेवा के लिए 7.5 एकड़ जमीन पर बस डिपो बनवाया जा रहा है।
जीएमडीए द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ सेक्टर-99 से 115 न्यू गुरुग्राम के सेक्टर-103 दौलताबाद में बस डिपो एवं टर्मिनल का निर्माण कराएगा। द्वारका एक्सप्रेसवे के पास होने से यहां पर बस डिपो के साथ बस टर्मिनल बनाया जाएगा और ई-बसों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध होगा। यहां पर 100 ई-बसों को पार्क करने की सुविधा होगी।
वर्जन
सिटी बस सेवा के लिए नए बस डिपो की जरूरत है। न्यू गुरुग्राम के सेक्टर-103 में बस डिपो निर्माण के लिए नगर निगम को जमीन मिलनी है। जमीन ट्रांसफर करने के लिए यूएलबी ने पत्र जारी कर दिया है। जल्द ही बस डिपो की डीपीआर तैयार कराकर योजना को सिरे चढ़ाया जाएगा। - कर्नल आरडी सिंघल, मुख्य महाप्रबंधक मोबिलिटी जीएमडीए