साढ़े नौ एकड़ भूमि पर तैयार किया जाएगा, पांच मंजिला होगा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
सोहना। सोहना में 57 करोड़ की लागत से 100 बेड का अस्पताल बनेगा। यह पांच मंजिला होगा और करीब साढ़े नौ एकड़ भूमि पर तैयार किया जाएगा। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपी गई है। विस्तृत प्रारूप एवं ड्राइंग तैयार कर मंजूरी के लिए चंडीगढ़ भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। निर्माण कार्य नए साल से प्रारंभ होने की उम्मीद है।
अस्पताल की इमारत बेसमेंट के साथ कुल पांच मंजिला बनाई जाएगी। ग्राउंड फ्लोर पर रेडियोलॉजी विभाग, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और रिकॉर्ड रूम बनाया जाएगा। पहली मंजिल पर आइसोलेशन वार्ड, शिशु वार्ड, एलडीआर (लेबर, डिलीवरी, रिकवरी) रूम और डॉक्टर्स रूम बनाए जाएंगे। दूसरी व तीसरी मंजिल पर पुरुष एवं महिला वार्ड के साथ नर्स स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। चौथी मंजिल पर लाउंड्री, किचन और कैंटीन बनेगी, जबकि पांचवीं मंजिल पर अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू और प्रतीक्षा कक्ष होंगे।
वर्तमान में 50 बेड की क्षमता वाले अस्पताल में सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को निजी अस्पतालों या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। नए अस्पताल के बनने से सभी प्रमुख स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि परियोजना को सरकार की मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।