आरटीसी भोंडसी में आयोजित की गई 90वें बैच की पासिंग आउट परेड, 978 जवानों में से 303 स्नातकोत्तर और 646 स्नातक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भोंडसी स्थित रेक्रूट ट्रेनिंग सेंटर के दीक्षान्त परेड स्थल में शनिवार को हरियाणा पुलिस के प्रशिक्षु सिपाहियों के बैच संख्या 90 का दीक्षांत समारोह 978 प्रशिक्षु सिपाही देश सेवा की शपथ लेने के बाद हरियाणा पुलिस के बेड़े में शामिल हो गए। इसमें 303 जवान स्नातकोत्तर और 646 जवान स्नातक है। दीक्षांत समारोह में इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक तपन कुमार डेका ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उन्होंने परेड टुकड़ियों का निरीक्षण कर उनकी सलामी ली। कार्यक्रम में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित थे।
समारोह में तपन कुमार डेका ने परेड टुकड़ियों का निरीक्षण करने उपरान्त प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस की नौकरी व्यवस्था न होकर एक जनसेवा है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह में शामिल सभी सिपाही स्नेह व बधाई के पात्र है, जिन्होने अत्यन्त चुनौतीपूर्ण पुलिस सेवा को अपना जीवन यापन का जरिया बनाया है और कड़ी मेहनत व लगन से अपना प्रशिक्षण कुशलतापूर्वक पूरा किया है। तपन ने कहा कि प्रशिक्षण के उपरांत अब आपकी वास्तविक परीक्षा शुरू होने जा रही है। जिसमें प्रशिक्षण के दौरान सिखाई गई पुलिस सेवा की बारीकियां आपके दैनिक सेवाओं में आने वाली चुनौतियों के निवारण में सहायक बनेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में दीक्षांत परेड एक गौरवशाली क्षण है, यह जीवन में केवल एक बार ही आता है, इसलिए वे प्रशिक्षण के दौरान बताई गई सभी बातों को अपने जीवन में अमल करें। तपन कुमार डेका ने कहा कि पुलिस का कार्य बहुत ही चुनौती भरा है। इसलिए जवानों का आचरण और उनकी क्षमता भी असाधारण होनी चाहिए। पुलिस की नौकरी में समाजसेवा के साथ-साथ देश सेवा का जज्बा भी होना चाहिए। पुलिस में शामिल होने वाला व्यक्ति यदि इसे सेवा का सर्वोत्तम अवसर मानकर कार्य करता है। तभी उसका इस विभाग में शामिल होना और इसमें कार्य करना सार्थक होता है। आईबी निदेशक ने समारोह में बैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित किया। साइबर क्राइम स्वच्छता एवं जागरूकता और शिष्टाचार नामक बुकलेट का विमोचन भी किया।
303 जवान स्नातकोत्तर तथा 646 जवान स्नातक है-
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने दीक्षांत परेड में शामिल जवानों को बधाई देने के साथ ही उन्हें भविष्य में प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के गुर बताएं। उन्होंने बैच में शामिल 978 जवानों के प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी सांझा करते हुए बताया कि बैच में हरियाणा सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से उच्च शिक्षा प्राप्त जवान हरियाणा पुलिस में शामिल हुए हैं। इनमें से 303 जवान स्नातकोत्तर तथा 646 जवान स्नातक है। पिछले कुछ वर्षों में खुशहाल प्रदेश का निर्माण करने में हरियाणा पुलिस बल ने अपने मूल कर्तव्यों का बखूबी निर्वहन करते हुए कई मंजिले तय कर ली हैं। हरियाणा पुलिस तकनीकी एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर अपराध पर अंकुश लगाते हुए प्रदेश के लोगों की अत्यंत समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ सेवा कर निरंतर आगे बढ़ रही है। इन जवानों के हरियाणा पुलिस बल में शामिल होने पर प्रदेश में अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए हरियाणा पुलिस के सार्थक प्रयासों को और अधिक बल मिलेगा।
इस अवसर पर प्रशिक्षण केन्द्र में कार्यरत अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक चारू बाली, एडीजीपी कृष्ण कुमार राव, संजय कुमार, पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा, राजेन्द्र कुमार, बी सतीश बालन, ओम प्रकाश, सिमरदीप सिंह, रिटायर्ड आईपीएस योगेंद्र नेहरा, परमजीत अहलावत, बलवान सिंह राणा, नाजनीन भसीन, राजेश दुग्गल, केएन भट्ट, वीरेंद्र विज, वसीम अकरम,दीपक गहलावत, गौरव, मयंक मिश्रा, विजय प्रताप, धर्मबीर सिंह,भारती डबास, सुभाषचंद, सुशील प्रकाश, प्रदीप डांगी, सन्दीप मोर, डॉ. आसिमा श्योराण मेडिकल आफिसर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।