सावधान: खांसी-बुखार को न समझें मामूली, बच्चों के फेफड़ों पर भारी पड़ रहा निमोनिया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बच्चों में निमोनिया के मामले केवल खांसी और बुखार तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समय पर इलाज नहीं मिलने पर यह बीमारी गंभीर रूप भी ले सकती है। फेफड़ों में संक्रमण होने के कारण बच्चों को सांस लेने में परेशानी होने लगती है। जुलाई, अगस्त और सितंबर के दौरान जिले में निमोनिया के कुल 97 मामले सामने आए। इनमें 10 बच्चे ऐसे थे, जिन्हें सांस लेने में परेशानी के चलते ऑक्सीजन की जरूरत पड़ी। वहीं, बाकी 87 बच्चों की स्थिति गंभीर नहीं हुई और वे स्वस्थ रहे।
निमोनिया का संक्रमण बच्चों के फेफड़ों को प्रभावित करता है। पांच साल से कम उम्र के बच्चों में इसका खतरा अधिक रहता है। शुरुआत में बच्चे को खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। कई बार अभिभावक इसे सामान्य सर्दी-जुकाम समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन लक्षण बढ़ने पर बच्चे की हालत गंभीर हो सकती है।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
बच्चे की सांस सामान्य से तेज चलना
सांस लेते समय छाती का अंदर की ओर धंसना
लगातार खांसी और बुखार रहना
दूध पीने या खाना खाने में परेशानी होना
बच्चा सामान्य से ज्यादा सुस्त रहना
टीकाकरण और साफ-सफाई से बचाव संभव
बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण करवाना जरूरी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, पीसीवी (न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन) सहित नियमित टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर संक्रमणों से बचाने में मदद करता है। इसके अलावा बच्चों को घर के अंदर होने वाले धुएं, धूल और प्रदूषण से बचाना चाहिए। घर में साफ-सफाई रखने और हाथ धोने की आदत डालने से भी संक्रमण का खतरा कम किया जा सकता है।
-
जुलाई से सितंबर के बीच जिले में निमोनिया के 97 मामले सामने आए हैं। इनमें 10 बच्चों की हालत गंभीर थी और उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत पड़ी। बच्चों में निमोनिया के लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों को लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। तेज सांस चलना, छाती का धंसना और दूध पीने में परेशानी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में बच्चे की जांच करवानी चाहिए। - डॉ. जयप्रकाश, डिप्टी सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग