फिरोजपुर झिरका। भारत विकास परिषद शाखा फिरोजपुर झिरका के तत्वावधान में बुधवार को सिविल लाइंस रोड स्थित अग्र शिरोमणि भगवान महाराजा अग्रसेन मंदिर प्रांगण में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में करीब 90 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
कार्यक्रम में नूंह पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन और परिषद के सेवा संयोजक धनेश्वर त्यागी मुख्य अतिथि रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। एसपी डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अधिकाधिक रक्तदान करने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचाने का आग्रह किया। शिविर में रक्तदाताओं को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रणसिंह, राजकुमार गर्ग, सुनील जैन, जितेंद्र गोयल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। संवाद