गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण का असर कम होने के साथ सक्रिय मरीजों की संख्या भी अब कम होने लगी है। इसके चलते जिले का रिकवरी रेट भी अब तेजी से बढ़ रहा है। इसी क्रम में रविवार को जिले में कोरोना के 110 नए मरीज आए, तो 346 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। वहीं, 9 मरीजों की संक्रमण के चलते मौत भी हुई।
जिले में अब सक्रिय मरीजों की कुल संख्या कम होकर 1727 रह गई है, जिसमें से 249 संक्रमित होम आइसोलेट हैं। इसमें से 244 मरीजों का कोविड अस्पताल व 5 मरीजों का कोविड केयर सेंटर में इलाज चल रहा है। वहीं, 1478 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। अब रोजाना आने वाले नए मरीजों के मुकाबले स्वस्थ होने वालों की संख्या कई गुना ज्यादा रहती है। अब तक जिले में कोरोना के चलते होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर 810 पर पहुंच गई है। वहीं कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 79 हजार 834 पर पहुंच गया है। वहीं, 1 लाख 77 हजार 297 संक्रमित अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। रविवार को जिले में 5446 लोगों ने कोरोना की जांच के लिए नमूने दिए, जिसमें से 1286 ने रैपिड एंटीजन जांच व 4160 मरीजों ने आरटी-पीसीआर जांच के लिए नमूने दिए। अभी 2498 लोगों की जांच रिपोर्ट लंबित है।