बच्चों को पढ़ाने के लिए 88 एजुकेशन वॉलंटियर्स को किया जा रहा प्रशिक्षित
विज्ञापन
- तीन दिवसीय प्रशिक्षण में बताए जाएंगे पढ़ाने के तौर-तरीके
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बादशाहपुर में बुधवार को एजुकेशन वॉलंटियर्स के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रशिक्षण का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त हितेश कुमार मीणा ने किया।
इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक शील कुमारी भी उपस्थित रही। यहां पर 88 एजुकेशन वॉलंटियर्स को बच्चे पढ़ाने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिसमें पढ़ाने के तौर-तरीके सिखाए जाएंगे। सहायक परियोजना समन्वयक दिनेश गुलिया ने बताया कि स्कूली शिक्षा से वंचित बच्चों को ब्रिज कोर्स कराकर अगले सत्र में उनकी उम्र के हिसाब से कक्षाओं में दाखिले दिलाए जाएंगे। ताकि यह बच्चे शिक्षा की मुख्य धारा से जुड़ सकें। जनवरी-फरवरी माह में जिले में सर्वे के दौरान स्कूली शिक्षा से वंचित 2349 बच्चों की पहचान की गई थी। स्कूलों में केंद्रों पर ब्रिज कोर्स के माध्यम से शिक्षित किया जाएगा।