- 11 जून को हुई थी बेटे की मौत
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 10 चोटों के निशान की बात आई सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। करीब एक महीने पहले हुई बेटे की मौत के मामले में हत्या का मामला दर्ज कराने के लिए पिता दर-दर की ठोकरें खा रहा है। पीड़ित पिता ने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई थी, लेकिन उन्होंने दूसरे अधिकारी को जांच का जिम्मा सौंप दिया था। अब तक उनकी शिकायत पर मामला दर्ज नहीं हो सका है।
फर्रुखनगर थाना क्षेत्र के गांव फाजिलपुर बादली निवासी प्रताप को 11 जून को सूचना मिली थी कि उसके बेटे की तबीयत खराब हो गई है। वह निजी अस्पताल में पहुंचा तो उसका बेटा मृत अवस्था में था। वह उसे लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचा, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर 10 चोटों की बात सामने आई।
इसके बाद पीड़ित पिता ने पुलिस पर बेटे के दोस्तों पर अंदरूनी चोट मारकर बेटे की हत्या का मामला दर्ज कराने के लिए शिकायत थाने दी, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त को शिकायत दी। पुलिस आयुक्त ने डीसीपी मानेसर को जांच सौंप दी। पीड़ित ने डीसीपी मानेसर से बात की तो उन्होंने एसीपी पटौदी द्वारा जांच करने के बारे में बताया। इसके बाद वह एसीपी पटौदी के पास गया तो उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी अभी बाहर गया हुआ है। मामले में बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।