गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण के मामले में जिले की स्थिति में तेजी से सुधार दर्ज किया जा रहा है। अब नए मरीजों की संख्या में कमी आने के साथ ही संक्रमितों की मौत का आंकड़ा भी कम हो रहा है। स्थिति यह है कि पिछले सप्ताह जहां 24 संक्रमितों की मौत हुई थी, वहीं इस सप्ताह (पिछले 7 दिनों में) महज 12 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई है। इसी क्रम में रविवार को भी 2 संक्रमितों की मौत हुई तो 8 नए केसों की पुष्टि हुई।
कोरोना संक्रमण में आई कमी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले एक सप्ताह में महज 90 नए मरीज आए हैं जबकि अप्रैल के मध्य से लेकर जून के पहले सप्ताह तक रोजाना 3 हजार से ज्यादा नए मरीज आ रहे थे। जून की शुरुआत से अब तक 65 मरीजों की मौत हो चुकी है। रविवार को 64 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। इसी के साथ जिले में अब सक्रिय मरीजों की कुल संख्या कम होकर 218 रह गई है, जिसमें से 202 संक्रमित होम आइसोलेट हैं जबकि अब महज 16 मरीजों का कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है।
3300 ने दिए जांच के लिए नमूने
2 मरीजों की मौत के बाद अब जिले में कोरोना के चलते होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर 884 पर पहुंच गया है। 8 नए मरीज आने के बाद अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 80 हजार 585 पर पहुंच गया है। इसमें से 1 लाख 79 हजार 483 संक्रमित अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। रविवार को जिले में 3300 लोगों ने कोरोना की जांच के लिए नमूने दिए, जिसमें से 737 ने रैपिड एंटीजन जांच और 2563 मरीजों ने आरटी-पीसीआर जांच के लिए नमूने दिए।