- पहली कक्षा में होगी अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई, दूसरी से अंग्रेजी और हिंदी दोनों में चलेंगी कक्षाएं
स्वरांजलि
गुरुग्राम। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अब बेहतर शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम के आठ सरकारी स्कूलों को चीफ मिनिस्टर एक्सीलेंस एंड अर्ली इंग्लिश स्कूल के रूप में चुना है। इन स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की जाएगी। इसमें फर्रुखनगर, गुरुग्राम, पटौदी और सोहना ब्लॉक के स्कूल शामिल किए गए हैं। जिनमें जीएसएसएस बुढेड़ा, मोकलवास, कार्टरपुरी , खेड़की दौला, नूरगढ़, पथरेड़ी, नानू कलां और खेरली लाला स्कूल शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि इन स्कूलों में आधुनिक सुविधाओं दी जाएंगी, ताकि सरकारी स्कूलों के बच्चे भी निजी स्कूलों जैसी पढ़ाई कर सकें। इन स्कूलों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड, विज्ञान लैब और गतिविधि आधारित पढ़ाई पर जोर दिया जाएगा। बच्चों की अंग्रेजी भाषा मजबूत करने के लिए विशेष प्रशिक्षण और नई शिक्षण तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। आदेश के अनुसार पहली कक्षा की पढ़ाई पूरी तरह अंग्रेजी माध्यम में होगी। दूसरी से हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में कक्षाएं चलेंगी।
स्कूलों में किसी प्रकार की अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। साथ ही ये स्कूल सह-शिक्षा संस्थान के रूप में कार्य करेंगे। शिक्षकों की नियुक्ति भी विशेष स्क्रीनिंग प्रक्रिया के जरिए की जाएगी। शिक्षा विभाग इन स्कूलों को आसपास के सरकारी स्कूलों के लिए हब स्कूल के रूप में विकसित करेगा, ताकि अन्य स्कूलों को भी शैक्षणिक मदद और संसाधन मिल सकें।