अन्य संस्करणों के लिए भी प्रस्तावित
----------------------
प्रथम पेज के लिए प्रस्तावित-फोटो भी है
-----------------------
भाजपा और आरएसएस देश के लिए खतरा : वृंदा करात
-जनसंदेश यात्रा के गुरुग्राम पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की नेता व पूर्व राज्यसभा सदस्य वृंदा करात ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) को देश के लिए खतरा बताया है। आरएसएस को राष्ट्रीय सर्वनाश समिति करार देते हुए भाजपा पर देश का संविधान बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर ने मजदूरों व आमजन को ध्यान में रखकर ही संविधान बनाया था, लेकिन भाजपा अपनी ज्वाइंट वेंचर पार्टी आरएसएस के साथ मिलकर अपने फायदे के लिए संविधान बदलना चाहती है। आरएसएस राष्ट्रीय सर्वनाश समिति हैं। वृंदा रविवार को जनसंदेश यात्रा के गुरुग्राम पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंची थीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लूट-फूट और झूठ की सरकार है। माकपा नेता ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि मोदी सरकार ने गोरक्षा के नाम पर गुंडा गैंग बनाया है, जो गाय पालने वाले मुस्लिम किसानों पर अत्याचार कर रहा है। उनकी हत्या करवाई जा रही है। आरोप लगाया कि मामला अदालत में पहुंचने पर भाजपा और आरएसएस मिलकर मामले को रफा-दफा कर रहे हैं। पिछले दिनों जुनैद, इकलाख, पहलू खान व रकबर की हत्या देश के संविधान की हत्या है। इसमें भाजपा व आरएसएस पर मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
वृंदा ने हरियाणा सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, दिल्ली में भाजपा या आरएसएस में कोई छींकता भी है तो हरियाणा को जुकाम हो जाता है। हरियाणा को दिल्ली में मोदी ही चला रहे हैं। मारुति केस में 117 कर्मियों को अदालत ने बरी कर दिया। उन्हें दोबारा नौकरी दिलवाने की बजाय सरकार ने उच्च न्यायालय में बरी किए गए 117 कर्मियों को दोबारा जेल भेजने के लिए अपील दायर कर दी।