डेंगू के संदिग्ध मामलों की संख्या 32 हुई
गुरुग्राम। मानसून के साथ ही जिले में डेंगू व मलेरिया मच्छरों का पनपना भी शुरू हो गया है। शहर में रोजाना औसतन पांच जगहों पर मच्छरों का लार्वा मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो जिले में अब तक करीब 550 लोगों को लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किया जा चुका है। वहीं लार्वा मिलने का सिलसिला अभी भी लगातार जारी है। इसके साथ ही डेंगू के संदिग्ध मरीजों की संख्या भी बढ़कर 32 हो गई है। विभाग ने अब तक सिर्फ एक की पुष्टि की है।
बारिश में जगह-जगह पानी जमा होने से उसमें डेंगू व मलेरिया अपने पैर पसारने लगते हैं। इनका प्रकोप बढ़ने से लोग तेजी से बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। इनसे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में लार्वा और ब्रीड चेकिंग को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं।
जिला महामारी विशेषज्ञ राम प्रकाश ने बताया कि इसके लिए टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न क्षेत्रों में जाकर घरों और अन्य स्थानों पर जमा पानी में मच्छरों के लार्वा की जांच करते हैं। उनकी मानें तो रोजाना औसतन 5-6 स्थानों पर यह लार्वा मिल रहा है। ब्यूरो