बारिश के बाद शहर में बिजली की चली आंख-मिचौली
-बिजली और मौसम ने लोगों को किया परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण शुक्रवार को शहर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। फीडर ब्रेकडाउन होने और जंपर टूटने सहित अन्य लोकल फॉल्ट के कारण विभिन्न क्षेत्रों में बिजली की आंख मिचौली लगातार जारी रही। दर्जन भर इलाकों में सुबह-शाम घंटों बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा।
मौसम में बदलाव के बाद चली तेज हवा के कारण बसई, सुशांतलोक, पालम विहार व सेक्टर-47, डीएलएफ, राजेंद्रा पार्क, भीमगड़ खेड़ी, सेक्टर-5, 7 सहित सुशंात लोक, जैकबपूरा, पालम विहार, रतन गार्डन, रवि नगर, सेक्टर-10 व बादशाहपुर और सोहना के ग्रामीण क्षेत्रों में भी फीडर ब्रेकडाउन होने और ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। बारिश बंद होने के बाद भी घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को उमस में परेशानियों से दो चार होना पड़ा। हालांकि निगम की ओर से देर शाम ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया था, लेकिन कई क्षेत्रों में यह कार्य शुक्रवार दोपहर तक भी पूरा नहीं हो पाया।