गुरुग्राम। जिले में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 1100 से भी नीचे आ गई है जबकि पिछले पांच दिनों से करीब 4 माह बाद रोजाना आने वाले नए मरीजों की संख्या 100 से भी नीचे आ गई। रविवार को जिले में कोरोना के 71 नए मरीज आए तो 146 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। राहत की बात यह रही कि अब मृतकों का आंकड़ा भी थमने लगा है। इसी क्रम में रविवार को भी संक्रमण से किसी मरीज की मौत नहीं हुई।
जिले में अब तक कोरोना के चलते जान गंवाने वाले कुल मरीजों की संख्या अब 342 पर पहुंच चुकी है। इसमें से 265 मरीज पहले से ही किसी न किसी बीमारी से पीड़ित थे जबकि 77 संक्रमितों के मौत की मुख्य वजह कोरोना संक्रमण ही रहा। जिले में अब सक्रिय 1059 मरीजों में से 974 होम आइसोलेट हैं जबकि सिर्फ 85 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। जिले में अब तक कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वाले कुल मरीजों की संख्या 56459 पर पहुंच गई है, जिसमें से 55058 संक्रमित स्वस्थ भी हो चुके हैं।
इससे पहले अगस्त के पहले पखवाड़े में कोरोना के मामले में जिले की स्थिति इतनी ही बेहतर थी। उस वक्त भी रोजाना आने वाले नए मरीजों की संख्या 100 से भी नीचे आ गई थी। अवकाश का दिन होने के कारण रविवार को जिले में सिर्फ 3180 लोगों की ही कोविड जांच हो पाई, जिसमें से 2653 लोगों की आरटी-पीसीआर व 527 की रैपिड एंटीजन किट के जरिए जांच की गई। इसी के साथ जिले में अब तक हुई कुल जांच की संख्या 648592 पर पहुंच चुकी है।