गांव नाथूपुर में बनी झुग्गियों में लगी आग के बाद जली हुई झुग्गियों की राख में बचा हुआ सामान तलाशत?
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। शुक्रवार देर रात 2 बजे गांव नाथूपुरा स्थित झुग्गियों में आग लग गई। आग इतनी तेजी के साथ फैली कि 700 झुग्गियां जलकर राख हो गयीं। घटना को देखकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गये। इसके बाद घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। सूचना के आधार पर दमकल विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि एक के बाद एक शहर की दर्जन भर से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास में जुट गई। वहीं, दमकलकर्मियों ने छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन झुग्गियां राख के ढेर में तब्दील हो गईं। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
गांव नाथूपुरा इलाके में काफी तादाद में झुग्गियां हैं। शुक्रवार की रात अचानक इनमें आग लग गई। आग को देखकर झुग्गी में रहने वाले लोग तुरंत बाहर निकल आये। जबकि आग की लपटों ने आसपास की झुग्गियों को भी अपने लपेटे में ले लिया। देखते ही देखते इलाके में मौजूद तकरीबन 700 झुग्गियों में आग फैलती चली गई। दमकल कर्मियों के प्रयास से करीब 200 झुग्गियां जलने से बच गईं। वही, दमकल अधिकारी ईशम सिंह के अनुसार, आग लगने से झुग्गियों मेें रखे गैस सिलिंडर फटने लगे। जिस कारण आग बुझाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा है। इसके बाद भी दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू कर लिया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला सका है। फिर भी आग की वजह शार्ट सर्किट होना बताई जा रही है।