देश के 65 शहरों में तीसरे स्थान पर रहा प्रदूषण का स्तर
गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर कुछ कम हुआ
मगर बेहद खराब स्थिति अभी भी कायम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हवा चलने के कारण गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर कुछ कम हुआ है, मगर अभी भी प्रदूषण के स्तर की श्रेणी बेहद खराब है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के मुताबिक गुरुग्राम की हवा पूरी तरह जहरीली है। गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर देश के 65 शहरों में तीसरे स्थान पर रहा। गुरुग्राम से अधिक फरीदाबाद और कानपुर में प्रदूषण का स्तर रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार गुरुग्राम में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में पीएम 2.5 का स्तर 386 प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में बृहस्पतिवार को एक्यूआई में पीएम 2.5 का स्तर 427 था। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को हवा चलने के कारण प्रदूषण के स्तर में कमी आई है। अगले कुछ दिन हवा नहीं चलने की स्थिति में प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी हो सकती है।
दूसरी ओर राज्य प्रदूषण नियंत्रण विभाग दावा कर रहा है कि प्रदूषण की रोकथाम के संबंध में उठाए गए कदमों के कारण प्रदूषण के स्तर में कमी आनी शुरू हुई है। विभाग एवं अन्य निकायों ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान लागू कर रखा है। इस कारण 10 नवंबर तक सभी प्रकार की निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा कचरा जलाने वालों एवं मलबा फेंकने वालों, निर्माण गतिविधियों, खुले में कचरा परिवहन, बिना ढकी निर्माण सामग्री, सड़क किनारे बिना ढकी निर्माण सामग्री विक्रेताओं पर कार्रवाई शुरू की है।