गुरुग्राम। मेट्रीमोनियल साइट के जरिये युवती से संपर्क कर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को विदेशी बताया, फिर बिजनेस सेटअप के दौरान जरूरत बताकर व शादी के लिए कुछ गिफ्ट भेजने की क्लियरेंस के नाम पर साढ़े 6 लाख रुपये ठग लिये। शिकायत पर शुक्रवार को साइबर क्राइम थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह शिकायत सेक्टर-54 निवासी युवती ने दी है। उसका कहना है कि 4 जनवरी को मेट्रीमोनियल साइट के जरिये राव कोंटी डोनाल्ड ने मैसेज किया। उसने खुद को अमेरिका का निवासी बताते हुए कहा कि वो कोलंबो में रह रहा है। उसने शादी का प्रस्ताव रखा। कुछ दिन तक वॉट्सएप पर दोनों के बीच बात होती रही। फिर उसने कहा कि नेपाल में बिजनेस सेटअप कर रहा है। नेपाल विजिट के दौरान कुछ जरूरत बताकर उसने रुपये मांगे। फिर वो वापस अमेरिका चला गया।
शादी के लिए भारत आने से पहले कुछ गिफ्ट भेजे लेकिन फिर एक महिला का कॉल आया कि कुछ सामान आया है जिसका क्लियरेंस के लिए अलग-अलग चार्ज के तौर पर रुपये मांगे गए। करीब साढ़े 6 लाख रुपये देने के बाद भी वे रुपये मांगते रहे तो पीड़िता को शक हुआ और शिकायत पुलिस को दी। साइबर थाना प्रभारी विपिन के अनुसार मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।