गुरुग्राम। जिले में नए कोरोना मरीजों की संख्या अब दिनोंदिन कम हो रही है तो वहीं स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा भी रफ्तार पकड़ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को भी 57 नए मरीज आए तो 63 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या अब बढ़कर 9771 तक पहुंच चुकी है, वहीं जिले में अब तक 125 मरीज दम तोड़ चुके हैं। कोरोना के नए मरीजों को आइसोलेट करने के साथ ही गंभीर मरीजों को अस्पतालों में भर्ती किया गया है।
पिछले करीब दो माह से जिले में व्यापक तौर पर कोविड-19 जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर काफी बढ़ गई है। अब जिले में कुल संक्रमितों के स्वस्थ होने का अनुपात 92 फीसदी हो गया है तो वहीं, सक्रिय मरीजों में से 75 फीसदी से ज्यादा संक्रमित होम आइसोलेट हैं।
राहत की बात यह है कि गंभीर मरीजों के मामले में भी गुरुग्राम की स्थिति प्रदेश के अन्य जिलों से बेहतर है। कुल मरीजों में से अब महज 657 मरीज ही सक्रिय हैं, जिसमें से 537 मरीज होम आइसोलेट हैं, जबकि 120 मरीज ही अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। शासकीय कोविड अस्पतालों में अब महज 8 मरीज ही उपचाराधीन हैं, जबकि जिला कोविड हेल्थ सेंटर में सिर्फ 81 मरीज ही भर्ती हैं। वहीं, 31 मरीज जिला कोविड केयर सेंटर में उपचाराधीन हैं। शुक्रवार को जिले में 2418 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई। आरटी-पीसीआर व रैपिड एंटीजन किट के जरिए 2092 लोगों की जांच की गई जबकि 326 लोगों की निजी लैब व निजी अस्पतालों में जांच की गई।