28.74 लाख की ठगी का खुलासा, चार लैपटॉप, 27 मोबाइल, सात सिम कार्ड बरामद
गुरुग्राम। बीते एक सप्ताह में साइबर थानों की पुलिस ने 55 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से 28.74 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों से चार लैपटॉप, 27 मोबाइल, सात सिम कार्ड, दो चेकबुक, डेबिट कार्ड और करीब 3.43 लाख रुपये नकदी बरामद की है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई कर रही है।
जिले के चारों साइबर थानों पूर्व, पश्चिम, दक्षिण व मानेसर की पुलिस टीमों ने 25 से 31 मई तक विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी में संलिप्त 55 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों द्वारा आरोपी मुख्य रूप से निवेश कराकर ठगी, ट्रेडिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, लोन फ्रॉड, फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराना, सिम कार्ड उपलब्ध कराना, सोशल मीडिया फ्रॉड, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड, फर्जी कस्टमर केयर आदि से वारदातों को अंजाम दिया जाता रहा। साइबर अपराध गुरुग्राम के एसीपी गौरव फोगाट ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की शिकायत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराएं।