सड़क पर पशु घूमते पाए गए तो पशुपालक पर 25 हजार रुपये का लगेगा जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम ने सड़क पर घूम रहे बेसहारा गोवंश के खिलाफ अभियान चलाया। इसके तहत सोमवार को निगम की टीमों ने 52 पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजा। संयुक्त आयुक्त (स्वच्छ भारत मिशन) डॉ. प्रीतपाल सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक गति पकड़ेगा। उन्होंने पशुपालकों और डेयरी संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अपने पशुओं को परिसर के भीतर बांधकर रखें।
जुर्माने और दंड का प्रावधान
पहली बार पशु पकड़े जाने पर मालिक पर 25,000 रुपया का जुर्माना व दूसरी बार पकड़े जाने पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। तीसरी बार पशु किसी भी सूरत में मालिक को वापस नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, यदि कोई व्यक्ति निगम टीमों के कार्य में बाधा डालने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डॉ. सिंह ने कहा कि खुले में घूमने वाले पशु न केवल यातायात व्यवस्था में बाधा डालते हैं बल्कि अक्सर सड़क हादसों का कारण भी बनते हैं। लोग सड़क पर घूमने वाले पशुओं की सूचना तुरंत निगम हेल्पलाइन या नजदीकी जोनल कार्यालय में दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।