12 घरों में मच्छर का लार्वा मिलने पर नोटिस दिया
गुरुग्राम। जिले में मलेरिया के पैर पसारने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग भी संजीदा हो गया है। विभाग ने नगर निगम क्षेत्र के जोन-1, 2 व 3 में सर्वे के बाद मच्छर का लार्वा मिलने पर 12 घरों को नोटिस जारी किया है। हालांकि किसी पर भी अभी जुर्माना नहीं लगाया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में जिले में इस वर्ष का मलेरिया का पहला मामला सामने आया था। इसे गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम ने साथ मिलकर सर्वे का काम तेज कर दिया है। विभाग ने करीब 40 संवेदनशील इलाकों की सूची तैयार की है। इन क्षेत्रों में नगर निगम के 11 और स्वास्थ्य विभाग के 62 कर्मचारी मच्छर ब्रीडिंग जांचने का काम कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने भी डेंगू-मलेरिया की बीमारी पर रोकथाम के लिए घरों में मच्छर का लार्वा मिलने पर की जाने वाली कार्रवाई में जुर्माने का भी प्रावधान कर दिया है।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. जयभगवान जाटान ने बताया कि विभाग के तीन बार नोटिस देने के बाद भी यदि उसी जगह पर लार्वा मिलता है तो संबंधित व्यक्ति पर जुर्माना लगाया जाएगा। फिलहाल जिन भी घरों में लार्वा मिला है, उन्हें नोटिस जारी कर पहली चेतावनी दे दी गई है। विभाग का लक्ष्य है कि इस बार कम से कम डेंगू और मलेरिया के मामले सामने आएं। इसे लेकर अभी से काम शुरू कर दिया गया है। इस वर्ष अभी तक केवल एक ही मामला सामने आया है, जबकि गत वर्ष मलेरिया के 30 मामले मिले थे।
------