एमडीयू ने एमबीए का परिणाम जारी किया
-परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय वेबसाइट पर उपलब्ध
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) ने मई 2018 में आयोजित एमबीए पंच वर्षीय समेकित पाठ्यक्रम के दूसरे, चौथे, आठवें व दसवें सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. बीएस सिन्धु ने बताया कि परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा।
लॉ विभाग की खाली सीटों की काउंसलिंग 23 को
गुरुग्राम। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के लॉ विभाग में सत्र 2018-19 में एलएलबी ऑनर्स तीन वर्षीय पाठ्यक्रम की बीसी-ए की खाली सीटों पर दाखिले के लिए 23 जुलाई को प्रवेश काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। विधि विभाग के अध्यक्ष प्रो. एएस दलाल ने बताया कि प्रवेश काउंसलिंग सुबह 10 बजे से शुरू की जाएगी। साइंस की पहली प्रवेश काउंसलिंग 26 जुलाई को तथा पीजी डिप्लोमा इन योगा साइंस की पहली प्रवेश काउंसलिंग 25 जुलाई को आयोजित की जाएगी। सीटें खाली रहने की सूरत में सीटों की सूची 27 जुलाई को जारी की जाएगी और दूसरी प्रवेश काउंसलिंग 28 जुलाई को होगी। इसके बाद भी सीटें खाली रहने पर सूची 30 जुलाई को जारी होगी और तीसरी प्रवेश काउंसलिंग 31 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इसके बाद 31 जुलाई से कक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी।
एमसीए की दूसरी काउंसलिंग 23 को होगी
गुरुग्राम। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के कंप्यूटर साइंस एवं एप्लीकेशंस विभाग में सत्र 2018-19 में एमसीए-तीन वर्षीय, एमसीए-लेटरल एंट्री तथा एमएससी-कंप्यूटर साइंस पाठ्यक्रम में खाली सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरी काउंसलिंग 23 जुलाई को शुरू होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. राजेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि सुबह दस बजे छात्रों के लिए पहुंचना होगा। काउंसलिंग में भाग लेने वाले छात्रों को अपने सभी मूल दस्तावेज, दस्तावेजों की फोटोकॉपी और दाखिला फीस साथ लानी होगी।
कॉलेजों में बस पास के लिए आवेदन शुरू
गुरुग्राम। स्नातक में पाठ्यक्रमों व हॉस्टल में दाखिले प्रक्रिया के साथ ही बस पास बनवाने के लिए विद्यार्थी आवेदन कर रहे हैं। कॉलेज की ओर से छात्राओं के आवेदन फार्म को हरियाणा रोडवेज को भेजा जा रहा है। राजकीय महिला महाविद्यालय में 530 छात्राओं ने आवेदन किया है। वहीं द्रोणाचार्य कॉलेज में 113 आवेदन विद्यार्थियों ने किए हैं।
राजकीय महिला महाविद्यालय के प्रोफेसर नरेंद्र कुमार ने बताया कि जिन छात्राओं ने आवेदन फॉर्म भरकर जमा कर दिए हैं उन्हें जुलाई के अंत तक बस पास मिल जाएंगे।