दिल्ली में गैंगस्टर से मुठभेड़ मामला
गैंगस्टर राजेश भारती के साथी उमेश पर गुरुग्राम में दर्ज थे 2 मामले
-आरोपी की तलाश में थी खेड़कीदौला थाना पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली के छतरपुर में हुए गैंगस्टर राजेश भारती के साथ पुलिस मुठभेड़ में उसका साथी उमेश भी मारा गया। उमेश पर हत्या के प्रयास सहित व मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के दो मामले खेड़कीदौला थाने में दर्ज थे। इन दोनों ही मामलों में पुलिस को आरोपी की तलाश थी। दिल्ली में एनकाउंटर के बाद गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी के गांव कांकरौला में निगरानी बढ़ा दी। देर शाम तक गांव में शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ था।
बता दें कि वर्ष 2017 में आरोपी उमेश ने गांव सिकंदरपुर बढ़ा निवासी एक व्यक्ति को रंजिशन गोली मार दी थी जिसमें वह बच गया था। इस संदर्भ में खेड़कीदौला थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इसके अलावा इस वर्ष आरोपी उमेश ने अपने एक साथी के साथ मिलकर गांव भांगरौला निवासी एक व्यक्ति को उस वक्त मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी जब वह अपने बेटे को स्कूल छोडने के लिए पहुंचा था। आरोपी ने स्कूल परिसर में रिसेप्शन के पास ही आरोपी पर पिस्तोल तान दी थी। इस मामले में भी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। शनिवार को आरोपी के एनकाउंटर के बाद इसकी सूचना खेड़कीदौला थाना पुलिस को मिलते ही गांव कांगरौला में निगरानी बढ़ा दी है।