गुरुग्राम भीम नगर में कोरोना जांच के लिए सैंपल लेते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। कोविड-19 की जांच के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग भले ही कितने दावे करे लेकिन सचाई यह है कि जिले की कुल आबादी के हिसाब से जांच की गति अब भी धीमी है। जिले की कुल आबादी के हिसाब से अब तक महज 5 फीसदी लोगों की कोविड-19 की जांच नहीं हो पाई है। गुरुग्राम जिले की कुल जनसंख्या 1514085 है, जबकि करीब 5 लाख लोग रोजगार के लिए बाहर से आकर जिले में रह रहे हैं, जिसमें नौकरीपेशा, कामगार व अन्य पेशे से जुड़े लोग शामिल हैं। ऐसे में कुल करीब 20 लाख की आबादी वाले जिले में अब तक महज 95 हजार लोगों की जांच की गई है, जो कुल आबादी का 5 फीसदी भी नहीं है। शायद यही वजह है कि कोरोना के नए मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है।
वहीं, प्रदेश में कुल कोरोना मरीजों की बात करें तो उसमें सिर्फ गुरुग्राम से ही 27 फीसदी मरीज शामिल हैं। इस हिसाब से प्रदेश में हुई कुल जांच में से 27 फीसदी जांच गुरुग्राम में होनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं है। गुरुग्राम में अब तक महज 95 हजार लोगों की कोविड-19 की जांच की गई है। ऐसे में मरीजों की संख्या के हिसाब से अब तक 148354 लोगों की जांच होनी चाहिए थी। हालांकि, आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले करीब एक माह के दौरान जिले में तेजी से जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। 19 जून तक जिले में औसतन महज 280 लोगों की जांच प्रतिदिन हो रही थी जबकि इस समय प्रतिदिन करीब 2000 से ज्यादा लोगों की जांच की जा रही है। इसमें रैपिड एंटीजन किट, आरटी-पीसीआर व निजी लैब में की जाने वाली जांच शामिल हैं।
प्रदेश में हुई हैं 5 लाख से ज्यादा लोगों की जांच
प्रदेश में अब तक कुल 549463 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई है। इसमें से जिले में करीब 93 हजार लोगों की जांच की गई है। प्रदेश में अब तक कुल 31332 मरीज कोरोना की चपेट में आ चुके हैं, जिसमें 8600 से ज्यादा मरीज गुरुग्राम के शामिल हैं। वहीं, फरीदाबाद से भी करीब 7600 से ज्यादा मरीज कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। प्रदेश में कोविड-19 का पॉजिटिव रेट 5.76 फीसदी है, जबकि मरीजों की संख्या दोगुनी होने की अवधि अब 23 दिन की हो गई है। जिले में अब करीब 42 दिन में मरीजों की संख्या दोगुनी हो रही है।
प्रदेश में कोरोना की स्थिति
कुल जांच - 549463
कुल मरीज - 31332
पुरुष मरीज - 20760
महिला मरीज - 10569
स्वस्थ हो चुके मरीज - 24338
सक्रिय मरीज - 6556
मरीजों के स्वस्थ होने की दर - 77.82 फीसदी