गुरुग्राम। राजस्थान से दिल्ली जा रहे दुकानदार और उनके बेटे को लिफ्ट देने के बहाने कार सवार बदमाशों ने मारपीट कर 47 हजार रुपये लूट लिए। साथ ही पीड़ितों को कार से धक्का देकर फरार हो गए। पुलिस ने चार बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से राजस्थान सीकर के पाटन गांव निवासी कयामुद्दीन (60) कॉस्मेटिक की दुकान चलाते है। शनिवार शाम को 6 बजे वह अपने बेटे शाहरुख के साथ राजीव चौक पर दिल्ली सदर बाजार जाने के वाहन का इंतजार कर रहे थे। इतने में एक कार आकर उनके सामने रुकी। उसमें चार लोग बैठे थे। कार चालक ने सदर बाजार जाने की बात कहते हुए दोनाें बाप-बेटे को बैठा लिया।
इफ्को चौक फ्लाईओवर के पास सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने बाप-बेटे से मारपीट करते हुए उनके मोबाइल फोन सड़क पर फेंक दिए और नकदी से भरा थैला लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी दोनों को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।