सोसाइटी में 45 वर्षीय महिला ने फ्लैट में फंदा लगाकर की आत्महत्या- बादशाहपुर थाना पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर के सेक्टर-71 स्थित सीएचडी एवेन्यू सोसाइटी में एक निजी कंपनी की महिला अधिकारी ने अपने फ्लैट में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 45 वर्षीय कीर्तिमई मिश्रा के रूप में हुई है। वो ओडिशा के भुवनेश्वर की रहने वाली थीं। वह अपने पति युवराज शर्मा और नौ साल की बेटी के साथ सोसाइटी की 14वीं मंजिल पर रह रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस के अनुसार बुधवार रात कीर्तिमई अलग कमरे में सोने चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे तक कीर्तिमई कमरे से बाहर नहीं आईं, तो पति युवराज ने खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर कीर्तिमई पंखे से फंदे पर लटकी हुई थीं। ऐसा शक है कि रात को पति-पत्नी के बीच कुछ कहासुनी हुई हो लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
परिवार गहरे सदमे में
इस घटना से ओडिशा स्थित परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्वजनों ने बताया कि तीन दिन पहले ही कीर्तिमई का भाई ओडिशा से गुरुग्राम आया था। उसने रक्षाबंधन के दिन न आ पाने के कारण अग्रिम रूप से राखी बंधवाई थी। परिवार गहरे सदमे में है क्योंकि तीन दिन पहले तक घर में सब कुछ सामान्य था।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि बादशाहपुर थाना पुलिस ने मौके पर सीन-ऑफ-क्राइम टीम से साक्ष्य एकत्रित करवाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस फिलहाल मृतका के पति युवराज शर्मा से पूछताछ कर रही है। आत्महत्या के कारणों का पता परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
एक अन्य मामले में खेड़की दौला थाना इलाके के शिकोहपुर गांव में 35 वर्षीया महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के भाई तावडू के सूंध गांव निवासी विक्रम ने बताया कि 35 साल की मंजू का अपने पति शिकोहपुर निवासी वीनू से विवाद चल रहा था। शादी के बाद से ही वीनू उसे प्रताड़ित कर रहा था। काफी दिनों से मंजू अपने पिता के घर पर थी। लगभग एक महीने पहले पंचायत होने के बाद वो वापस पति के घर आई थी। तब आश्वासन दिया गया कि उसे परेशान नहीं किया जाएगा। आरोप है कि बुधवार देर रात मंजू के परिवार को सूचना दी गई कि मंजू ने आत्महत्या कर ली है। परिवार वाले आए तो शव फंदे पर नहीं था, बल्कि नीचे उतारा हुआ था। मृतका के 8 साल का बेटा व 13 साल की बेटी है। मंजू की बहन भी इसी घर की बहू है और वीनू के भाई संजय से शादीशुदा है। सूचना के बाद बृहस्पतिवार सुबह खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। विक्रम ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या की गई है।
-सोनू यादव