अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जीएमडीए ने अतिक्रमण मुक्त गुरुग्राम अभियान के तहत मंगलवार को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर व्यापक कार्रवाई की। दिनभर चले अभियान में करीब 15 किलोमीटर सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस दौरान करीब 425 शेड और 225 अवैध रैंप हटाए गए। इसके अलावा रेहड़ी, खोखे, अस्थायी दुकानें, निर्माण सामग्री और अन्य अवैध ढांचे भी हटाए गए।
सेक्टर-7/9 डिवाइडिंग रोड पर करीब एक किलोमीटर सड़क क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यहां चारदीवारी के विस्तार, रैंप, 10 शेड और आरओडब्ल्यू में खड़ी करीब 20 अवैध रेहड़ियां हटाई गईं। रेलवे रोड पर भी करीब एक किलोमीटर क्षेत्र खाली कराया गया और 10 अवैध रेहड़ियां हटाई गईं। वहीं शहीद भगत सिंह चौक से रेजांगला चौक के बीच बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। करीब 300 शेड और 100 अवैध रैंप हटाए गए तथा करीब 15 फीट सड़क क्षेत्र खाली कराया गया।
अभियान के दौरान नालों पर बनाए गए अवैध रैंप भी तोड़े गए। सड़क के राइट ऑफ वे पर रखी निर्माण सामग्री को भी हटाया गया। आरओडब्ल्यू में चल रहे फूल बाजार को भी हटाकर सार्वजनिक स्थान खाली कराया गया।