गुरुग्राम। जिले में कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है और अब तो प्रतिदिन नए मरीजों का रिकॉर्ड टूट रहा है। इसी क्रम में बुधवार को अब तक के सबसे ज्यादा 421 नए मरीज सामने आए जबकि 2 मरीजों की मौत भी हुई। इसी के साथ कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16330 हो गई है, जिसमें से 13523 संक्रमित स्वस्थ भी हो चुके हैं। सितंबर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महज 16 दिन में 4412 नए मरीज आ चुके हैं जबकि 20 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
पिछले छह माह में पहली बार एक दिन 400 से ज्यादा कोरोना मरीज आए हैं। सितंबर की शुरुआत में प्रतिदिन 200 से ज्यादा मरीज आ रहे थे, दूसरे सप्ताह से रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या 300 से ज्यादा हो गई जबकि बुधवार को 421 में संक्रमण की पुष्टि हुई। अब जिले में 2654 मरीज उपचाराधीन हैं, जिसमें से 2403 संक्रमित होम आइसोलेट हैं। राहत की बात सिर्फ यह है कि अस्पतालों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या सक्रिय मरीजों के मुकाबले काफी कम है। अस्पतालों में अभी सिर्फ 251 मरीज उपचाराधीन हैं। कोरोना से दम तोड़ने वालों की संख्या 152 हो गई है। इसमें से 108 पहले से किसी न किसी बीमारी से पीड़ित थे जबकि 45 मरीजों में पहले से कोई खास गंभीर बीमारी नहीं थी।