गुरुग्राम। जिले में कोरोना संक्रमण का फैलाव होने से लोगों को डर लगने लगा है और लोग अब घरों से कम ही बाहर निकल रहे हैं, लेकिन जिले में कोरोना संक्रमण की चेन नहीं टूट पा रही है, जिस कारण रोजाना हजारों की संख्या में कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। शनिवार को गुरुग्राम में 4099 नए कोरोना संक्रमित केस मिले, जबकि 12 लोगों की मौत हुई है। वहीं 2219 लोग कोरोना से जंग जीतकर घर भी लौैटे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार गुरुग्राम जिले में अभी तक 127033 कोरोना पॉजिटिव मामले आ चुके हैं, जिसमें 87984 लोग कोरोना संक्रमण से जीतकर ठीक हो चुके हैं, जबकि 488 लोगों की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 38561 एक्टिव केस हैं, जिसमें 35879 लोग होम आइसोलेशन हैं, जबकि 215 लोग जिला कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं और 2467 लोग विभिन्न अस्पतालों में इलाज करवा रहे हैं। संवाद
आज नहीं चलेगा टीकाकरण अभियान
गुरुग्राम। वैक्सीन उपलब्ध न होने के कारण रविवार को भी टीकाकरण अभियान नहीं चलेगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में स्टॉक नहीं रहा है और सरकार की ओर से टीके की खेप नहीं मिलने के कारण यह निर्णय लेना पड़ा है। हालांकि इस संबंध में अधिकारी कुछ भी नहीं बोलने को तैयार हैं। इसी कारण स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार तीन दिन वैक्सीनेशन का अभियान बंद रखा था।