गुरुग्राम। जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में शुक्रवार को 39 और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की। वहीं 43 स्वस्थ होकर घर लौट गए। राहत है कि शुक्रवार को मौत का एक भी मामला सामने नहीं आया। यहां अब तक मौत का आंकड़ा 352 तक पहुंच गया है।
जिला स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब जिले में 380 ही कोरोना सक्रिय मामले बचे हैं। इनमें से 345 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। साथ ही 31 मरीज सरकारी व निजी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। जिले के कोविड केयर सेंटर में चार मरीज भर्ती हैं। अब तक जिले में 58154 मरीज कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें से 57422 संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना जांच का सिलसिला जारी है। बीते 24 घंटों के भीतर जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा 2519 कोराना जांच की गईं। जिनमें से 2193 जांच आरटीपीसीआर माध्यम से हुई। वहीं 326 जांच रेपिड एंटीजन किट के माध्यम से की गईं।